राजधानी रायपुर के शंकर नगर इलाके में स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात दो नकाबपोश चोरों ने दुकान का ताला कटर से काटकर करीब 90 लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी कर लिए।
हैरानी की बात यह रही कि कॉम्प्लेक्स में 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी।
🎥 CCTV में कैद हुए दोनों आरोपी
दुकान के ताले काटकर 90 लाख के जेवर की चोरी, 24 घंटे तैनात गार्ड को भनक भी नहीं लगी राजधानी के बीच शहर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात दो नकाबपोश चोरों ने लक्ष्य ज्वेलर्स को निशाना बनाया। दोनों बाइक से आए और कटर से ताला काटकर भीतर घुस गए। करीब आधे घंटे में सोने के जेवर बैग में भरकर फरार हो गए। रविवार को दुकान बंद थी, इसलिए चोरी का पता सोमवार सुबह चला। दुकान खुलते ही हड़कंप मच गया। मौके पर नॉर्थ जोन के अधिकारी और पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला पहुंचे। दुकान के सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी आराम से चोरी करते नजर आए हैं। चोरी गए जेवर की कीमत करीब 90 लाख रुपए बताई जा रही है। देर रात पुलिस ने कालीनगर से पुराने चोर को हिरासत में लिया है। दावा है उसने ही अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की है।
पुलिस के अनुसार, शंकर नगर-लोधीपारा रोड पर आरोग्य अस्पताल के पास कारोबारी वंश मरपानी का लक्ष्य ज्वेलरी दुकान है। शनिवार रात 8 बजे दुकान बंद की गई थी। रविवार को अवकाश के कारण बंद रही। सोमवार सुबह खोलने पर चोरी का पता चला। कॉम्प्लेक्स में 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है और आसपास अस्पताल होने से लगातार आवाजाही रहती है, इसके बावजूद किसी को भनक नहीं लगी। चोरों ने चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी को हाथ नहीं लगाया।
🐕 डॉग स्क्वॉड ने पहुंचाया संदिग्ध तक
चोरी की सूचना मिलते ही फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। डॉग दुकान से दौड़ते हुए निकला और करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गांधी नगर-काली नगर की ओर जाने वाले रास्ते पर जाकर ठिठक गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच शुरू की।देर रात पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया। उसके पास से सोने के जेवर भी बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों आदतन चोर हैं और पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
📍 ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे आरोपी
फिलहाल कालीमाता वार्ड में किराए से रह रहे थे और मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं। फरार साथी की तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि उसके पकड़े जाने पर अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
⚠️ पुलिस ने पहले ही दी थी चेतावनी
शंकर नगर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में सराफा दुकान में चोरी से हड़कंप मचा है। दुकान खम्हारडीह थाने से करीब 1 से 1.5 किलोमीटर दूर पर है और 600 मीटर के दायरे में रोज गश्त प्वाइंट लगता है। इसके बावजूद चोर आसानी से वारदात कर निकल गए। चर्चा है कि पुलिस ने पहले ही दुकान मालिक को सेंट्रल लॉक सिस्टम मजबूत करने और सुरक्षा बढ़ाने की चेतावनी दी थी। इसके करीब 20 दिन बाद उसी दुकान में चोरी हो गई।
🔎 अभनपुर चोरी की कोशिश से जुड़ रहे तार
लक्ष्य ज्वेलर्स के फुटेज में दिखे चोरों का हुलिया अभनपुर की घटना से मिलता है। 5 मई की रात अभनपुर के नवकार ज्वेलर्स में भी दो युवकों ने रॉड से ताला तोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हो सके थे।

एक टिप्पणी भेजें