Board Exam Paper Leak: छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य आरोपी और कथित NSUI नेता वेणु उर्फ वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है।
आरोपी पर छात्रों से पैसे लेकर प्रश्नपत्र बेचने और डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश करने का आरोप है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
📚 सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था पेपर
पुलिस के मुताबिक, माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन के निर्देशन में विशेष जांच टीम बनाई गई थी।
📱 डिलीट चैट और डेटा रिकवर किया गया
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि पेपर लीक से जुड़े लोग मोबाइल चैट, सोशल मीडिया रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से डिलीटेड डेटा रिकवर किया गया। पुलिस ने करीब 50 से ज्यादा छात्रों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की, जिसके बाद मुख्य आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
💸 3 हजार रुपए में बेचता था पेपर
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वेणु जंघेल छात्रों से 3 हजार रुपए लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था। आरोपी बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का रहने वाला है और रायपुर के गोकुल नगर इलाके में रह रहा था। मामला सामने आने के बाद से वह फरार था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपने मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को नष्ट करने की कोशिश भी की थी।
🚨 गिरफ्तारी पर था 5 हजार का इनाम
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। लगातार डिजिटल ट्रैकिंग, तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे बिलासपुर से पकड़ा गया।
🔍 रिमांड में हुए कई खुलासे
चार दिन की रिमांड के दौरान आरोपी ने पेपर लीक नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में अहम जानकारी दी है। पुलिस अब मामले में जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।अब पढ़े कोतवाली पुलिस ने क्या कहा
एक टिप्पणी भेजें