पेंड्रा में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को कुचला, पिता-पुत्र की मौत, मां गंभीर


 

Pendra Road Accident: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा पेंड्रा नगर के राय पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज कि स्कूटी के उड़ गए परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्कूटी पर सवार तीनों लोग सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी।

अस्पताल में पिता-पुत्र ने तोड़ा दम

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां का अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज जारी है।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार परिवार पेंड्रा के कुडकई गांव का रहने वाला है और गांव से पेंड्रा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से एक अन्य वाहन आ रहा था। बताया जा रहा है कि कोयले से भरा ट्रेलर ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी से टकरा गया, जिससे यह हादसा हुआ।

चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने शिशु मंदिर के पास ट्रेलर को रोक लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। पेंड्रा पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

और नया पुराने